Saturday, August 29, 2026

OLX पर सामान बेचने के नाम पर साइबर ठगी, दो बैंक खातों से ₹2.37 लाख पार

आरोपी ने ₹5 के लेन-देन से जीता भरोसा, रिफंड और ब्लॉक राशि रिलीज कराने के नाम पर करवाए UPI ट्रांजेक्शन

भिलाई : न्यूज़ 36 : OLX पर पुराने स्पोर्ट्स एवं फिटनेस उपकरण बेचने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई। सामान खरीदने के बहाने संपर्क करने वाले व्यक्ति ने पहले ₹5 के छोटे-छोटे लेन-देन कर पीड़ित का विश्वास जीता और बाद में रिफंड, ट्रांजेक्शन ब्लॉक होने तथा राशि रिलीज कराने का झांसा देकर उसके दो बैंक खातों से कुल ₹2,37,222 की राशि धोखाधड़ी पूर्वक निकलवा ली। मामले में सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1259/2026 दर्ज कर आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विशेष टिपले (31) स्मृतिनगर भिलाई का निवासी है और नवी मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसने 28 जुलाई 2026 को OLX पर अपने पुराने स्पोर्ट्स एवं फिटनेस उपकरण बेचने के लिए विज्ञापन पोस्ट किया था। इसी दौरान अशोक कुमार नामक व्यक्ति ने सामान खरीदने के लिए उससे संपर्क किया।

आरोपी ने बताया कि सामान का भुगतान एक मर्चेंट बैंकिंग सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। विश्वास में लेने के लिए आरोपी ने पहले ₹5 का ट्रांजेक्शन करने के लिए QR कोड भेजा। शिकायतकर्ता ने ₹5 का भुगतान किया। इसके बाद आरोपी ने छोटी रकम वापस भेजकर यह भरोसा दिलाया कि पूरी भुगतान प्रक्रिया वास्तविक है।

इसके बाद आरोपी ने रिफंड और राशि रिलीज कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से लगातार अलग-अलग UPI ट्रांजेक्शन करवाए। आरोपी ने कहा कि दोनों पक्षों के ट्रांजेक्शन और राशि ब्लॉक हो गई है तथा उसे रिलीज कराने के लिए एक और ट्रांजेक्शन करना जरूरी है। आरोपी के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अपने केनरा बैंक खाते से ₹99,111 और RBL बैंक खाते से ₹1,38,111, कुल ₹2,37,222 की राशि विभिन्न UPI एवं IMPS ट्रांजेक्शन के माध्यम से भेज दी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने विश्वास बनाए रखने के लिए बीच-बीच में छोटी रकम वापस भी भेजी। इससे उसे लगा कि उसके द्वारा भेजी जा रही राशि वापस मिल जाएगी। लेकिन बाद में आरोपी ने नए-नए बहाने बनाकर भुगतान करवाना जारी रखा और बड़ी रकम उसके खातों से निकलवा ली।

घटना के बाद शिकायतकर्ता ने 29 जुलाई 2026 को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में OLX चैट, WhatsApp चैट, कॉल हिस्ट्री, UPI/PhonePe ट्रांजेक्शन विवरण और बैंक स्टेटमेंट सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।

शिकायत आवेदन के अवलोकन के बाद पुलिस को प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का अपराध घटित होना पाए जाने पर सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 1259/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार, मोबाइल नंबर 6299019819 एवं 7667427241 के विरुद्ध धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

पुलिस अब धोखाधड़ी की रकम जिन बैंक खातों एवं UPI माध्यमों में पहुंची है, उनकी जानकारी जुटाने के साथ ट्रांजेक्शन की विभिन्न लेयर को ट्रेस करने में जुटी है। मामले में संबंधित खातों को होल्ड/फ्रीज कराने तथा आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक तकनीकी एवं बैंकिंग जानकारी जुटाई जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news