Thursday, April 25, 2024

मुख्यमंत्री बघेल का नड्‌डा के बयान पर पलटवार; कहा- भाजपा शासन में सिर्फ घोटाले हुए, स्काई वॉक रमन-मूणत की कमीशनखोरी का स्मारक

रायपुर। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मनेंद्रगढ़ और सक्ती जिले का उद्घाटन किया। दोपहर में राजधानी रायपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस पर कई तरह के आरोप लगाए। अपनी बात में नड्‌डा ने भूपेश बघेल का नाम लेकर कहा कि यहां भ्रष्टाचार है, स्काईवॉक का काम रोक दिया, नवा रायपुर का विकास ठप है, परिवारवाद में कांग्रेस लगी हुई है। शाम को जब मुख्यमंत्री रायपुर लौटे तो उन्होंने नड्‌डा की बातों का तीखा जवाब दिया।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा- कोई राष्ट्रीय अध्यक्ष जब सभा में किसी मुख्यमंत्री का नाम 9 बार ले तो इसका मतलब समझिए कि वो प्रदेश के बारे में क्या सोचते हैं, ये समझ आता है। यहां कांग्रेस की सरकार स्थिर सरकार है, स्थाई सरकार और आने वाले चुनावों में कांग्रेस रिपीट भी होगी। अब वो रमन सिंह को सीधा बोल नहीं सकते तो स्काई वॉक का उदाहरण दिए, छत्तीसगढ़ में भाजपा वालों ने खूब शोषण किया। नान का घोटाला, खदान में घोटाला, कितने घोटाले हुए, मैं तो पहली बार देख रहा हूं कि जांच होती है तो कोर्ट जाकर स्टे ले आते हैं, ताकि इनके भ्रष्टाचार की जांच न हो सके।

नड्डा ने साइंस कॉलेज मैदान में हुई कार्यकर्ता सभा में कहा कि कांग्रेस समेत देश के कई संगठनों में परिवारवाद हावी है। कांग्रेस तो भाई-बहन (राहुल-प्रियंका) की पार्टी बनकर रह गई है। भाजपा विचारवाद की पार्टी है। इसके जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- यहां भाजपा के नेता बलिराम कश्यप के बाद उनके परिवार के दिनेश कश्यप, केदार कश्यप, रमन सिंह और अभिषेक सिंह, फिर राजनाथ सिंह उसके बेटे, अमित शाह उसके बेटे, वसुंधरा राजे, ये सब परिवारवाद ही है। हमारे पास जो परिवार की बात वो करते हैं, उन्होंने देश के लिए शहादत दी है, इंदिरा जी ने शहादत दी है, राजीव जी ने देश के निर्माण में योगदान दिया, शहादत दी है। भाजपा वाले बताएं कि कभी पदयात्रा की है क्या, रथ यात्रा निकालते थे, ये वोट के लिए राम को भजने वाले लोग हैं।

नड्‌डा अपने रोड शाे में जब घड़ी चौक से गुजरे तो उन्होंने स्काई वॉक देखा और रमन सिंह समेत बाकी नेताओं से इसके बारे में पूछा। जब मंच पर आए तो बोले यहां स्काई वॉक का काम रोक दिया, उसे गिराने की तैयारी है। इसके जवाब में बघेल बोले- नड्‌डा जी आज आए महंगाई बेरोजगारी पर बात नहीं की। स्काई वॉक पर बोला कि हम उसे गिराना चाहते हैं, अरे चाहते तो पौने 4 साल हो गए गिरा चुके होते, ये रमन सिंह और राजेश मूणत के कमीशनखोरी का स्मारक है, इसे नहीं गिराएंगे चिंता मत करो।

भूपेश बघेल ने ये भी कहा कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी.पुरंदेश्वरी को हटा दिया गया। वो हंटर चलाती थीं, उनको बदल दिया गया। अब बिहार के नितिन नबीन की बारी है, जो यहां सह प्रभारी हैं। जब से अजय जामवाल आए हैं, यहां अध्यक्ष बदल दिए, नेता प्रतिपक्ष बदल दिए अब प्रभारी बदल दिए, अब नितिन नबीन की बारी है, कितने दिन बचते हैं देखते हैं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news