मेजबान कूकर बिरयानी के संचालक सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना क्षेत्र में देर रात होटल के बाहर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट कर रहे लोगों को रोकने और बीच-बचाव करने पहुंचे एक होटल संचालक पर भी हमला कर दिया गया। घटना में दो लोगों को चोटें आई हैं, जबकि मारपीट और धमकी देने के आरोप में चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
होटल आर्क के बाहर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, स्मृति नगर निवासी उमाशंकर शर्मा (52 वर्ष), जो “द वेज थ्योरी” एवं होटल आर्क रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं, 29 जून की रात होटल बंद कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान होटल चौहान इम्पीरियन के सामने उन्होंने कुछ लोगों को आपस में विवाद करते देखा।
राजेश सिंह को बचाने पहुंचे, खुद भी पीटे गए
शिकायत के मुताबिक, अदनान, उमर, हरजीत और अंकित नामक युवक राजेश सिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे। उमाशंकर शर्मा जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी निशाना बना लिया। आरोप है कि चारों ने एक राय होकर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों तथा किसीनुकीली वस्तु से हमला कर दिया।
आंख, गर्दन और हाथ में आई चोटें
मारपीट में राजेश सिंह को आंख, चेहरे और हाथों में चोटें आईं। वहीं उमाशंकर शर्मा की दोनों आंखों, गर्दन, दाहिने हाथ और पीठ में चोट लगने की शिकायत है। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों द्वारा दी गई गालियां और जान से मारने की धमकी से वे भयभीत हो गए।
सोने की माला और कुंडल भी गायब
पीड़ित के अनुसार, झूमाझटकी और मारपीट के दौरान उनके गले में पहनी हुई सोने से गूंथी रुद्राक्ष की माला तथा कान में पहना सोने का कुंडल गिर गया, जो बाद में नहीं मिला।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
उमाशंकर शर्मा की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने मेजबान कूकर बिरयानी के संचालक अदनान, उमर, हरजीत और अंकित के खिलाफ भारतीय न्याय संहि
(BNS) की धारा 115(2), 118(1), 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपियों की भूमिका के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
