देवरी तिराहे के पास हुआ दर्दनाक हादसा, धमधा पुलिस ने चालक के खिलाफ दर्ज किया अपराध
दुर्ग : न्यूज़ 36 : धमधा थाना क्षेत्र में दुर्ग-बेमेतरा रोड पर देवरी तिराहे के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए भिलाई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद धमधा पुलिस ने स्कार्पियो चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे ग्राम मौहाभाठा, थाना साजा, जिला बेमेतरा निवासी पूरब साहू (19) अपने दोस्त अश्वनी साहू के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-AK-8673 से रायपुर से अपने गांव मौहाभाठा लौट रहा था। बाइक पूरब साहू स्वयं चला रहा था।
दोनों देवरी तिराहा, दुर्ग-बेमेतरा रोड के पास पहुंचे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही स्कार्पियो क्रमांक CG-08-K-1921 के चालक ने कथित रूप से वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए सीएचसी धमधा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने पूरब साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अश्वनी साहू की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए स्पर्श अस्पताल भिलाई में भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल दुर्ग में पूरब साहू को मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना अस्पताल के वार्ड बॉय पारथ बंदे के माध्यम से पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई की। मर्ग जांच के दौरान पंचनामा गवाहों के कथनों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सड़क दुर्घटना में स्कार्पियो चालक की लापरवाही सामने आने पर अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने प्रार्थी पारथ बंदे की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 0269/26 दर्ज किया है। आरोपी स्कार्पियो आरोपी स्कार्पियो चालक के खिलाफ धारा 184-LKS, 106(1) BNS, 125(a) BNS एवं 281 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और आरोपी चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
