गुरुग्राम में रिश्ते का खौफनाक अंत, दो राज्यों में मचा हड़कंप; कॉल डिटेल, चैट और CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
भिलाई : न्यूज़ 36 : हरियाणा के गुरुग्राम में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी और एक निजी कंपनी में कार्यरत 25 वर्षीय AI इंजीनियर पर अपनी महिला साथी की चाकू से हत्या करने का आरोप है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, वारदात के कुछ समय बाद युवक ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे घटनाक्रम से गुरुग्राम और भिलाई दोनों जगह सनसनी फैल गई है। पुलिस हत्या और आत्महत्या के बीच के संबंधों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान श्रेष्ठ मलिक (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दुर्ग जिले के भिलाई का रहने वाला था। वह गुरुग्राम के सेक्टर-59 स्थित एक निजी कंपनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। वहीं मृतका इशाका, उत्तर प्रदेश की रहनेवाली थी और गुरुग्राम के सेक्टर-55 स्थित किराए के मकान में रहती थी।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब इशाका ने लंबे समय तक अपने परिजनों के फोन का जवाब नहीं दिया। कई बार संपर्क करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने सेक्टर-56 थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब कमरे पर पहुंची तो दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। कमरे के फर्श पर युवती का खून से लथपथ शव पड़ा था। शरीर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान मिले। इसके बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इसी दौरान राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। जांच में उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक 11 जुलाई को उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की थी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन की चपेट में आने से उसका शव दो हिस्सों में बंट गया। उसके पास मिले मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले श्रेष्ठ मलिक इशाका के कमरे पर गया था। पुलिस को आशंका है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद श्रेष्ठ ने कथित तौर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवती की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह वहां से निकला और कुछ समय बाद रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
सेक्टर-56 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं जीआरपी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस अब दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), चैट हिस्ट्री, डिजिटल साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आएगी।
