Thursday, September 24, 2026

अटल टिंकरिंग लैब संचालित विद्यालयों के प्रतिनिधियों की आवश्यक बैठक आज

स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने कार्ययोजना तैयार, प्रतियोगिता अगले महीने

भिलाई : न्यूज़ 36 : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) दुर्ग (अछोटी) की ओर से स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने कार्ययोजना पर अमल किया जा रहा है। जिसमें आईआईटी भिलाई के फैकल्टी सदस्यों का विशेष मार्गदर्शन रहेगा। इस संबंध में स्कूली बच्चों के बीच माह अक्टूबर से प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इस दिशा में अटल टिंकरिंग लैब संचालित विद्यालयों के प्राचार्यों, प्रभारी व्याख्याताओं, सहायक संचालक (जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय)  तथा जिला मिशन समन्वयक दुर्ग की एक संयुक्त बैठक 25 सितंबर शुक्रवार को दोपहर 12 बजे डाइट अछोटी दुर्ग में आयोजित की गई है।
इस अभिनव पहल की तैयारी के लिए डाइट की टीम ने आईआईटी भिलाई का दौरा किया और फैकल्टी सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान डाइट प्राचार्य पी.सी. मरकले, नोडल अधिकारी सत्येंद्र शर्मा, फैकल्टी सदस्य डॉ. शिशिर कना भट्टाचार्य और डॉ. नीलम दुबे उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि अटल टिंकरिंग लैब भारत सरकार के नीति आयोग की एक प्रमुख योजना है, जो दुर्ग जिले के 15 से 20 विद्यालयों में अटल इनोवेशन मिशन के तहत संचालित हो रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में कम उम्र से ही वैज्ञानिक अभिरुचि, रचनात्मकता और नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना है।
नोडल अधिकारी सत्येंद्र शर्मा ने बैठक में बताया कि अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से छात्र-छात्राओं को रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), सेंसर और बुनियादी इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े किट्स व उपकरणों का बेहतर उपयोग करना सिखाया जा रहा है। विज्ञान शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों द्वारा प्रोटोटाइप मॉडल तैयार कराए जा रहे हैं।
डाइट द्वारा सभी विद्यालयों की एक इंटर स्कूल प्रतियोगिता आगामी अक्टूबर माह में आयोजित की जानी है, जिसके संबंध में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए यह बैठक बुलाई गई है। डॉ. शिशिरकना भट्टाचार्य ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में डिजाइन थिंकिंग, कंप्यूटेशनल सोच, समस्या-समाधान और एडाप्टिव लर्निंग जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित करना है। इन विषयों पर डाइट के संकाय सदस्यों द्वारा शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

इन स्कूलों की रहेगी भागीदारी

25 सितंबर को होने वाली इस बैठक में प्रमुख स्कूलों को आमंत्रित किया गया है। इनमें स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल कुम्हारी, स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट गर्ल्स हिंदी मीडियम स्कूल धमधा,   शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरदहा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरहोला,स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल अंडा,  शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग,   स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट जे.आर.डी. मल्टीपरपज हिंदी मीडियम स्कूल दुर्ग,  शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 11 खुर्सीपार भिलाई,स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल सेक्टर-6 भिलाई,शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैशाली नगर भिलाई, स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल जामगांव आर, स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल सेलूद,  स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल घुघुवा  और शासकीय हाई स्कूल औंधी  की भागीदारी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news