भिलाई : न्यूज़ 36 : पुलिस ने इंस्टाग्राम रील बनाने के दौरान मुख्य मार्ग पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले दो युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 9 मई 2026 को थाना छावनी को व्हाट्सएप के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो में पावर हाउस बस स्टैंड के पास रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल और बुलेट चालक इंस्टाग्राम रील बनाते हुए तेज रपत्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच कर वाहन चालकों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आकाश पांडे और रितेश साहू बताए। दोनों प्रगति नगर, नेहरु चौक, कैम्प – भिलाई के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार वाहन चलाना अन्य वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा था। मामले में आकाश पाण्डेय के खिलाफ अपराध क्रमांक 307/2026 तथा रितेश साहू के खिलाफ अपराध क्रमांक 308/2026 दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और एक बुलेट वाहन भी जप्त किया है।
दुर्ग पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया रील बनाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट और लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
