भिलाई : न्यूज़ 36 : पुरानी भिलाई पुलिस ने देर रात तक तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर संचालित किए जाने पर मा Laxmi मैरिज पैलेस के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र अंतर्गत जयंती नगर, भिलाई-3 स्थित मैरिज पैलेस में रात 10 बजे के बाद तेज ध्वनि में डीजे, लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र संचालित किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि विवाह समारोह और अन्य आयोजनों में निर्धारित समय सीमा के बाद भी तेज आवाज में साउंड सिस्टम चलाया जा रहा था। इससे आसपास के रहवासियों को असुविधा हो रही थी। साथ ही आयोजन स्थल पर पार्किंग व्यवस्था प्रभावित होने से यातायात बाधित होने की स्थिति भी बन रही थी।
पुलिस ने बताया कि मौके पर आवश्यक अनुमति के बिना ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर धारा 152 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आयोजन संचालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में निर्धारित समय सीमा और ध्वनि नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
