भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार थाना पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के देवार बस्ती क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की, जिसमें हीरा सिंह (18 वर्ष) निवासी कैनाल रोड, खुर्सीपार को मौके से गिरफ्तार किया गया था। जबकि उसकी सहयोगी सविता देवार (45 वर्ष) मौके से फरार हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार फरार महिला आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 7 अगस्त को पुलिस ने सविता देवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अवैध गांजा बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने महिला आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) और 27A के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में कुल 3 किलो 200 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1.69 लाख रुपये है, जब्त किया गया था।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
