Friday, May 15, 2026

आकाशवाणी के नब्बे साल पूरे होने पर वॉकाथॉन का हुआ भव्य आयोजन

रायपुर : न्यूज़ 36 : आकाशवाणी के नब्बे साल पूरे होने पर शुक्रवार 15 मई की सुबह आकाशवाणी रायपुर की ओर से वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में आकाशवाणी स्टॉफ श्रोता, कलाकार एवं समूचे छत्तीसगढ़ से गणमान्य नागरिक शामिल हुए। लोक प्रसारण के क्षेत्र में आकाशवाणी की उपलब्धियों को प्रदर्शित करती श्रव्य-दृश्य की बानगी आकर्षण का केन्द्र रहीं।
आकाशवाणी महानिदेशालय दिल्ली के निर्देशानुसार आकाशवाणी रायपुर के उप महानिदेशक (अभियांत्रिकी) एवं क्लस्टर प्रमुख (छत्तीसगढ़) वी. राजेश्वर के नेतृत्व में सुबह सात बजे आकाशवाणी परिसर से वॉकाथॉन आरंभ हुआ। आकाशवाणी के गौरव को बयान करती स्लोगन की तख्तियों को थामे अधिकारी-कर्मचारी, नैमित्तिक उद्घोषक, श्रोता, स्थानीय नागरिक, सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा आउटसोर्सिंग स्टॉफ ने सधे हुए कदमों से मार्च किया। इनके साथ चल रहे वाहन में आकाशवाणी रायपुर की मधुर सांकेतिक धुनों एवं कार्यक्रम संबंधी ध्वनि चित्रों ने सबको मोहित कर दिया। मार्च में शामिल महिलाओं एवं पुरूषों की सफेद टी-शर्ट तथा टोपी पर आकाशवाणी प्रसारण की उपलब्धियों को सिलसिलेवार अंकित किया गया था, जिसमें 1936 से 2026 तक की झलक दर्ज थी।
इस अवसर पर आकाशवाणी रायपुर के उप महानिदेशक (अभियांत्रिकी) वी. राजेश्वर ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आकाशवाणी के इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जायेगा। सन् 1936 में आकाशवाणी के पहले प्रसारण के बाद अब तक के सफर में रेडियो प्रसारण ने अपनी साख को बनाये रखा है। रेडियो से जुड़े सभी लोगों के उत्साह और उमंग ने मुझे अभिभूत कर दिया है।
इस आयोजन में आकाशवाणी रायपुर के कार्यक्रम प्रमुख पंकज मेश्राम, दूरदर्शन रायपुर के उप महानिदेशक (अभियांत्रिकी) संजय मिश्रा, पीआईबी के डीडी जय भाई और माय भारत के उपनिदेशक अर्पित तिवारी और प्रादेशिक समाचार एकांश रायपुर के उपनिदेशक (समाचार) विकल्प शुक्ल विशेष रूप से शामिल हुए।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news