51 साल का सफर अब वटवृक्ष बना, शिक्षा और संस्कार से कलार समाज ने बनाई अलग पहचान : देवेंद्र यादव
भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ सिन्हा कलार समाज जनकल्याण समिति के प्रदेश स्तरीय पारिवारिक मिलन समारोह में पहुंचे भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने समाज की 51 वर्षों की यात्रा को एकता, शिक्षा और संस्कारों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि 1976 में मैत्री गार्डन से शुरू हुआ सामाजिक मिलन का सफर आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। कलार समाज ने अपनी एकजुटता और शिक्षा के दम पर सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है।
वरिष्ठजनों के प्रयासों से मजबूत हुई पहचान
यादव ने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों की दूरदर्शिता और मेहनत का परिणाम है कि आज कलार समाज अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। समाज ने एकजुट होकर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि आबादी के अनुपात में सत्ता और संगठन में भागीदारी मिलनी चाहिए। इसके लिए राजनीतिक और सामाजिक संगठनों को भी संकल्प लेना होगा।
पिछड़ा वर्ग के समाजों से एकजुटता की अपील
विधायक ने पिछड़ा वर्ग में शामिल सभी समाजों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज की आवाज मजबूत होती है और उसे उचित प्रतिनिधित्व मिलता है। विधानसभा में कलार समाज के परिवारों का प्रतिनिधित्व भी इसी एकजुटता और सामाजिक ताकत का परिणाम है।
शिक्षा और संस्कार से आगे बढ़ेगी नई पीढ़ी
यादव ने सामाजिक पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों से समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने की दिशा में पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देना, नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार देना और परिवारों के बीच आपसी मेलजोल बनाए रखना जरूरी है। समाज की प्रगति तभी संभव है, जब युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलें और सामाजिक एकता कायम रहे।
मैत्री गार्डन से सेक्टर-2 तक का सफर
उन्होंने कहा कि 1976 में श्रद्धेय महावीर सिन्हा सहित समाज के वरिष्ठजनों ने मैत्री गार्डन में पारिवारिक मिलन और सामाजिक एकता की जो नींव रखी थी, वह आज सेक्टर-2 मैदान में विशाल आयोजन के रूप में दिखाई दे रही है। यह 51 वर्षों की मेहनत, समर्पण और एकता का प्रतीक है। यादव ने इस परंपरा को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को समाज से जोड़कर रखने की अपील की।
