रिसाली निगम क्षेत्र में गार्डन निर्माण, स्मार्ट मीटर और सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल, कांग्रेस-भाजपा के दावों को दी चुनौती
भिलाई : न्यूज़ 36 : रिसाली, नगर निगम चुनाव नजदीक आते ही रिसाली में विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के विकास कार्यों के दावों के बीच आम आदमी पार्टी ने निगम क्षेत्र में निरीक्षण कर जमीनी स्थिति जानने की पहल की। आप नेताओं ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गार्डन निर्माण और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
कांग्रेस-भाजपा के विकास दावों पर सवाल
कांग्रेस का दावा है कि उसके दो साल के कार्यकाल में रिसाली क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए, जबकि भाजपा अपने तीन साल के कार्यकाल में 200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराने की बात कह रही है। दोनों दलों के दावों को चुनौती देते हुए आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता निरीक्षण के लिए मैदान में उतरे।
वार्ड 27 में गार्डन निर्माण का मुद्दा उठाया
निरीक्षण के दौरान आप नेताओं ने वार्ड क्रमांक 27 में गार्डन निर्माण की घोषणा को लेकर प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार पर सवाल उठाए। वहीं स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा दोनों को घेरते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
सफाई व्यवस्था को लेकर निगम पर निशाना
आप के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नजर नहीं आती। विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति और उनकी गुणवत्ता जनता के सामने आनी चाहिए।
आप नेताओं ने कहा कि विकास के दावों का आकलन केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि धरातल पर हुए काम और आम नागरिकों को मिल रही सुविधाओं से होना चाहिए।
