दुर्ग : न्यूज़ 36 : शहर में महिलाओं से लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक वयस्क आरोपी और दो अपचारी बालकों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर लूटी गई नगदी रकम, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पर्स बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पहली घटना दिगंबर जैन मंदिर के पास हुई थी। यहां एक महिला जा रही थी, तभी स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पर्स में वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन, नगदी रकम और आधार कार्ड रखा हुआ था। इसी दिन दूसरी घटना शनिचरी बाजार क्षेत्र में हुई। यहां सब्जी बेचकर घर लौट रही महिला को तीन आरोपियों ने निशाना बनाया व बिक्री की रकम लूटकर भाग निकले।
