Saturday, November 28, 2026

फर्जी ऋण पुस्तिका, पावर ऑफ अटॉर्नी के नाम पर एक ही जमीन को कई लोगों से किया सौदा

दुर्ग : न्यूज़ 36 : फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर और पावर ऑफ अटॉर्नी के नाम पर एक ही जमीन का कई लोगों से सौदा कर धोखाधड़ी करने के मामले में थाना बोरी पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और अपराध स्वीकार करने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

11 महीने बाद सामने आया फर्जीवाड़ा

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना बोरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम अरसी स्थित खसरा नंबर 1051 एवं 1086 (प्रत्येक का रकबा 0.16 हेक्टेयर, कुल रकबा 0.32 हेक्टेयर) भूमि का सौदा आरोपी के साथ 3,00,000 रुपए में तय हुआ था। प्रार्थी ने ऑनलाइन, बैंक खाते और नगद के माध्यम से यह राशि आरोपी को दी थी।

आरोपी ने दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने और रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देते हुए प्रार्थी को पावर ऑफ अटॉर्नी दी थी, जिससे प्रार्थी स्वयं या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्ट्री करा सके। करीब 11 महीने बाद प्रार्थी को पता चला कि आरोपी ने उसी जमीन के संबंध में अन्य व्यक्ति के नाम पर भी पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री करा दी है। तहसील कार्यालय से जानकारी लेने पर यह भी सामने आया कि उक्त भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया में कई लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई है।

ऐसे करता था धोखाधड़ी

जांच में सामने आया कि आरोपी एक ही जमीन के लिए अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार करता था और दस्तावेजों में सुधार व रजिस्ट्री का झांसा देकर लोगों से पैसे लेता था। इसके बाद उसी जमीन की अलग-अलग व्यक्तियों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराता था, जिससे कई लोगों के बीच विवाद और आर्थिक ठगी की स्थिति पैदा हुई।

मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर थाना बोरी में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। तलाश के दौरान आरोपी दीपक देशलहरे (उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम अरसी, थाना बोरी, जिला दुर्ग) को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news