भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यमंत्री बदरुद्दीन कुरैशी ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शत-शत नमन किया तथा समस्त देशवासियों, विशेषकर बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पंडित जवाहरलाल नेहरू का भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक अतुलनीय योगदान रहा है। स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने महात्मा गांधी के साथ मिलकर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और अनेक बार जेल की यातनाएं सहीं। 15 अगस्त 1947 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री का दायित्व संभालने के बाद उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने, औद्योगीकरण को बढ़ावा देने, शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी विकास की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़े बांधों, सार्वजनिक उपक्रमों, वैज्ञानिक संस्थानों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विकास के माध्यम से उन्होंने आत्मनिर्भर एवं आधुनिक भारत का सपना साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक प्रयास किए।
बदरुद्दीन कुरैशी ने,पंडित जवाहरलाल नेहरू का छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में शिक्षित बेरोजगारों को नौकरी देने में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में सोवियत संघ के सहयोग से भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना की ऐतिहासिक पहल हुई, जिसने दुर्ग जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ को देश के औद्योगिक मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र भारत के औद्योगीकरण और सार्वजनिक क्षेत्र की मजबूती का एक महत्वपूर्ण प्रतीक बना। नेहरू जी बच्चों को देश का भविष्य मानते थे और उनका मानना था कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार, समान अवसर और सुरक्षित वातावरण देकर ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। इसी भावना के सम्मान में उनके जन्मदिवस 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम नेहरू जी के लोकतांत्रिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील विचारों को अपनाते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करें तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।
आप की राय
[yop_poll id="1"]
