भिलाई : न्यूज़ 36 : छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के विभिन्न छठ तालाबों एवं घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने छठ तालाबों एवं घाटों के आसपास नियमित साफ-सफाई कराने, जलाशयों के किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा पूजा स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। एसएसपी ने छठ पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व आस्था और
श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षिति एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया है। इस दौरान भिलाई निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, एएसपी ट्रैफिक कौशलेन्द्र पटेल, भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक, ट्रैफिक डीएसपी विशाल सोन सहित निगम के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल ने छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आप की राय
[yop_poll id="1"]
