Tuesday, November 10, 2026

कांग्रेस MLA की कार व बाइक में आमने-सामने भिड़ंत, दो युवक घायल

दुर्ग : न्यूज़ 36 : बोरी थाना क्षेत्र के मिलन चौक के पास सोमवार शाम खैरागढ़ की कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, विधायक यशोदा वर्मा की कार खैरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिटिया से बोरी की तरफ आ रही बाइक कार से टकरा गई। बाइक पर शिव वर्मा (50) और हेमंत पटेल (45) सवार थे। दोनों कुम्हारी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जो लिटिया में अपने रिश्तेदार के यहां आए हुए थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में विधायक की कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। विधायक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वह कार मौके पर छोड़कर दूसरी बाइक से रवाना हो गईं।

विधायक के पति ने बताया : हादसे से घबरा गई थीं यशोदा वर्मा

विधायक के पति नीलांबर वर्मा के मुताबिक, बाइक सवार युवक सामने से आकर कार से टकराए थे। उन्होंने बताया कि युवक के कार के पास पहुंचते ही वाहन रुक गया था, लेकिन इसके बावजूद टक्कर हो गई।
हादसे के बाद विधायक घबरा गई थीं। हालांकि, अब उनकी स्थिति सामान्य है। बताया जा रहा है कि विधायक भूपेश बघेल से मुलाकात कर लौट रही थीं।

SDOP ने की दुर्घटना की पुष्टि, पुलिस जांच में जुटी

SDOP धमधा बीएम तिग्गा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मिलन चौक के पास विधायक की कार और बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हुई है। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों एवं परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news