भिलाई : न्यूज़ 36 : उतई थाना क्षेत्र के ग्राम खोपली में सोमवार शाम गहरी खदान के पानी में डूबने से 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक नहाने के लिए खदान में उतरा था, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और गहरे हिस्से में चला गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, ग्राम खोपली के नहर पारा स्थित पत्थर खदान में सोमवार शाम प्रेम प्रकाश (37) नहाने के लिए पहुंचा था। वह खदान में उतरकर नहा रहा था। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। खदान में पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया और उसकी डूबने से मौत हो गई।
मृतक के डूबने की सूचना सोमवार शाम करीब चार बजे जिला कंट्रोल रूम दुर्ग को मिली। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की रेस्क्यू टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने खदान में युवक की तलाश शुरू की। खदान में करीब 55 फीट गहरा पानी होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद एसडीआरएफ के प्रशिक्षित गोताखोर राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने पानी में उतरकर तलाशी अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक लगातार तलाश करने के बाद शाम छह बजे युवक का शव बरामद किया गया। गोताखोरों ने शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसकी पहचान ग्राम खोपली निवासी प्रेम प्रकाश के रूप में की गई।
पुलिस को सौंपा गया शव रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद मौके पर मौजूद उतई थाना की मचांदुर चौकी पुलिस को शव सौंप दिया गया। पुलिस ने पंचनामा और मर्ग जांच सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद ग्राम खोपली में शोक का माहौल है। नहाने के लिए खदान में उतरे युवक की इस तरह मौत होने से गांव के लोग दुखी हैं। करीब 55 फीट गहरे पानी में डूबने से हुई इस घटना ने पत्थर खदान में मौजूद गहरे पानी के खतरे को उजागर किया है।
