दुर्ग अग्निशमन टीम ने 4 जगहों पर संभाला मोर्चा
दुर्ग – भिलाई : न्यूज़ 36 : दीपावली की रात दुर्ग जिले में अलग-अलग स्थानों पर आगजनी की चार घटनाएं सामने आईं। इनमें सेक्टर-6 स्थित नगर निगम जोन कार्यालय क्रमांक-5 में सरकारी रिकॉर्ड में आग लगने की घटना भी शामिल है। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार राउटे के नेतृत्व में दीपावली की रात दुर्ग जिले के संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती की गई थी। दुर्ग पटेल चौक, सेक्टर-6 पुलिस कंट्रोल रूम और छावनी थाना में अग्निशमन वाहन तैनात रखे गए थे, ताकि आगजनी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
नगर निगम कार्यालय में सरकारी रिकॉर्ड में लगी आग
दीपावली की रात सेक्टर-6 स्थित नगर निगम जोन कार्यालय क्रमांक-5 में आग लगने की सूचना मिली। कार्यालय में सरकारी रिकॉर्ड आग की चपेट में आ गए। अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से रिकॉर्ड को कितना नुकसान हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
इसके अलावा वैशाली नगर थाना के पीछे स्थित एक घर में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। अग्निशमन टीम ने यहां भी तत्काल पहुंचकर आग बुझाई।
तालपुरी और गुरुनानक नगर में भी आगजनी
आगजनी की पहली घटना तालपुरी बी ब्लॉक में हुई, जहां एक मोटरसाइकिल में आग लग गई। दुर्ग अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाया। वहीं गुरुनानक नगर, वैशाली नगर क्षेत्र में एक घर में आग लगने की सूचना पर अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाई।
जयंती स्टेडियम के आसपास पटाखे फोड़ने वालों को दी समझाइश
दीपावली की रात अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा एवं संतोष पांडेय के नेतृत्व में अग्निशमन वाहनों से दुर्ग-भिलाई के विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की गई। रात करीब 12 बजे जयंती स्टेडियम के आसपास 10 हजार से अधिक लोगों द्वारा पटाखे फोड़ते हुए देखे जाने पर टीम ने लोगों को समझाइश दी। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित कर तत्काल कार्रवाई करने कहा गया।
एसडीआरएफ टीम भी रही अलर्ट
आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव एवं पूरी एसडीआरएफ टीम दुर्ग अग्निशमन कार्यालय में बैकअप के तौर पर अलर्ट मोड पर तैनात रही।
अग्निशमन दल प्रभारी धन्नू यादव, डालाराम साहू, केशव यादव, महेंद्र चंदेल एवं शरद मेश्राम सहित अग्निशमन कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, टीमों ने तत्परता और समन्वय के साथ घटनास्थलों पर पहुंचकर आग को फैलने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय पर कार्रवाई के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई। विभाग के मुताबिक घटनास्थलों पर किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग हेल्पलाइन : 0788-2320120, 2320121, 2322571 एवं 112
