Tuesday, November 3, 2026

लिफ्ट देने के बहाने मोबाइल लेकर खाते से उड़ाए 45 हजार

कर्ज चुकाने के लिए रची ठगी की साजिश

दीपावली पर उधारी का दबाव बढ़ने पर बनाया प्लान, स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

भिलाई : न्यूज़ 36 : त्योहार पर उधारी चुकाने का तकादा बढ़ा तो दो युवकों ने कर्ज उतारने के लिए ऑनलाइन ठगी का रास्ता चुन लिया। घर छोड़ने का झांसा देकर एक परिचित का मोबाइल लिया और धोखे से पासवर्ड देखकर खाते से 45 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। सुपेला थानांतर्गत स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत रकम बरामद कर ली है।

घर छोड़ने का झांसा देकर लिया था फोन

कातुलबोर्ड निवासी सरताज अंसारी की शिकायत के मुताबिक, 30 अक्टूबर की रात राजेंद्र पटेल उर्फ राहुल और नितेश राजपूत उर्फ चिंटू ने उसे घर छोड़ने की बात कही। रास्ते में चालाकी से उसका फोन लेकर ‘फोन पे’ का पिन हासिल कर लिया और खाते से 45 हजार रुपए अपने परिचित के खाते में भेज दिए। रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया।

उधारी के दबाव में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस हिरासत में आरोपी नितेश ने खुलासा किया कि उस पर 50 हजार रुपए का कर्ज था। दीपावली पर देनदारों के तकादे से बचने के लिए उसने साथी राजेंद्र के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों से 45 हजार रुपए नकद, तीन मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त दोपहिया सहित करीब 85 हजार रुपए की संपत्ति जब्त कर दोनों को जेल भेज दिया ।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news