सुशासन की सरकार में हर वर्ग का हो रहा विकास : विधायक ललित चंद्राकर
दुर्ग : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव के अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, विकास और जनकल्याण की दिशा में लगातार काम हो रहा है। सरकार का प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गरीब, किसान, युवा, महिला एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, भवन, नाली, पुल-पुलिया, पेयजल और विद्युत व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र को बेहतर सड़कें और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आम नागरिकों का जीवन सुविधाजनक बन सके।
किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रहा संबल
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश के 25 लाख से अधिक धान उत्पादक किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री धनधान्य कृषि योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल देने के साथ कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण पर जोर
ललित चंद्राकर ने बताया कि प्रदेश के लगभग 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के आवास का लाभ मिला है। जल जीवन मिशन के तहत 41 लाख से अधिक ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लगभग 40 लाख परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन और करीब ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और आत्मसम्मान को मजबूती मिल रही है।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, गरीबों के उत्थान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
