Tuesday, November 3, 2026

नगर निगम चुनाव से पहले दुर्ग पुलिस अलर्ट, SSP विजय अग्रवाल ने ली क्राइम मीटिंग

संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, अपराधियों पर निगरानी और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों पर होगी सख्ती

भिलाई : न्यूज़ 36 : आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में सोमवार 2 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की समीक्षा, विवेचना की गुणवत्ता और आगामी चुनाव की सुरक्षा तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने आगामी नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील मतदान केंद्रों एवं संवेदनशील इलाकों की जानकारी संकलित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर मजबूत पकड़ बनाए रखने, शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों की पहचान करने और आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। धर्मांतरण से संबंधित शिकायतों और मामलों में भी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चोरी, गृहभेदन और संगठित अपराधों पर विशेष नजर

बैठक में गृहभेदन, चोरी, जुआ-सट्टा, धोखाधड़ी और संगठित अपराधों की समीक्षा करते हुए अपराध संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मारपीट के मामलों में काउंटर अपराध दर्ज होने पर निष्पक्ष जांच और राजपत्रित अधिकारियों से समन्वय कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

लंबित मामलों और वारंटों के निराकरण पर जोर

क्राइम मीटिंग में लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए 60, 90 और 140 दिवस की समय-सीमा वाले प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही लंबित वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने, न्यायालयीन मामलों में न्यायश्रुति ऐप के माध्यम से पेशी कराने और चालान प्रस्तुत करते समय संबंधित व्यक्तियों के मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज करने को कहा गया। अभिरक्षा में रखे गए कैदियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

साइबर फ्रॉड और महिला संबंधी शिकायतों पर गंभीरता

एसएसपी ने साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए NCRP पोर्टल पर वर्ष 2025 से लंबित शिकायतों और जुलाई 2026 तक प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने को कहा। ऑनलाइन ठगी के मामलों में तत्काल कार्रवाई कर आवश्यकतानुसार ठगी की रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों के आधार पर आवश्यकतानुसार तत्काल एफआईआर दर्ज करने पर भी जोर दिया गया।

अवैध कारोबार और सुरक्षा व्यवस्था की भी होगी निगरानी

बैठक में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने, अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर निगरानी रखने तथा पटाखा फैक्ट्रियों और लाइसेंसधारी पटाखा विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा थाना प्रभारियों एवं पुलिस उपनिरीक्षकों के कार्यों की नियमित समीक्षा, लंबित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, पुलिस इकाइयों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी और डायल-112 के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई।

बैठक के अंत में एसएसपी विजय अग्रवाल ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, आम नागरिकों की सुरक्षा और आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news