Monday, November 2, 2026

राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 154वीं तिमाही समीक्षा बैठक संपन्न

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र, राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) एवं कार्यकारी अध्यक्ष, राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई इस्पात संयंत्र  पवन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संयंत्र के कार्यपालक निदेशकगण, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारीगण, मुख्य महाप्रबंधकगण सहित महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) अमूल्य प्रियदर्शी, उप महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन एवं प्रभारी राजभाषा) राघवेन्द्र कुमार गर्ग तथा ऑनलाइन माध्यम से संयंत्र के विभाग प्रमुखगण व विभागीय हिंदी समन्वय अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक के आरंभ में  अमूल्य प्रियदर्शी ने पुस्तक भेंट कर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार का स्वागत किया। राघवेन्द्र कुमार गर्ग ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए कहा कि संयंत्र के विभिन्न क्षेत्रों में राजभाषा का अधिकाधिक प्रयोग सुनिश्चित करने हम सभी निरंतर प्रयासरत हैं, हम आशा करते हैं कि संयंत्र के सभी विभागों में हिंदी में कार्यव्यवहार के माध्यम से संयंत्र के समग्र निष्पादन में उत्कृष्टता का क्रम निरंतर बना रहेगा।
पवन कुमार ने कहा कि हमारा भिलाई इस्पात संयंत्र हिंदी में समस्त कार्यालयीन कामकाज करने के लिए भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा वर्ष 1991 से अधिसूचित संस्थान है। हिंदी में कार्यालयीन कामकाज की दिशा में हम सभी निरंतर प्रयासरत हैं, आइए हम यह प्रयास करें कि, हम सभी शत-प्रतिशत हिंदी में कार्यालयीन कामकाज करें। उन्होंने सितंबर माह में आयोजित राजभाषा पखवाड़ा–2026 के सफल आयोजन का श्रेय सभी विभागाध्यक्षों के सामूहिक प्रयासों को दिया। साथ ही हिंदी में कम पत्राचार प्रतिशत वाले विभागों को हिंदी में कार्यालयीन कामकाज का प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने हिंदी में कार्यालयीन कार्यों में कठिनाई होने की स्थिति में राजभाषा विभाग से सहज संपर्क कर कठिनाई दूर करने की बात कही। साथ ही हिंदी को प्रोत्साहन तथा हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के उद्देश्य से कवि सम्मलेन एवं नाट्य प्रस्तुति जैसे आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।
उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने विगत बैठक की कार्यसूची का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, तत्पश्चात आगामी तिमाही की कार्यसूची का वाचन कर शत-प्रतिशत हिंदी में पत्राचार करने वाले विभागों का उल्लेख कर आभार प्रदर्शन किया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news