विधायक ललित चंद्राकर बोले : प्राकृतिक आपदा की घड़ी में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार
दुर्ग : न्यूज़ 36 : चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को लेकर सरकार ने गंभीरता दिखाई है। प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर सभी जिला कलेक्टरों को फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों एवं निर्धारित मापदंडों के अनुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस चुनौतीपूर्ण घड़ी में डबल इंजन की सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। किसानों की मेहनत और उनके हितों की रक्षा के लिए राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
नुकसान की जानकारी टोल फ्री नंबर 14447 पर दें
विधायक ने प्रभावित किसानों से अपील की है कि जिनकी फसलों को चक्रवात के कारण नुकसान पहुंचा है, वे घबराएं नहीं। किसान अपनी फसल क्षति की जानकारी शासन के टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर या नजदीकी पटवारी, कृषि विभाग कार्यालय, जनपद अथवा तहसील कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं। इससे फसल क्षति सर्वेक्षण में उनका नाम शामिल हो सकेगा और नियमानुसार सहायता राशि मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
