भिलाई : न्यूज़ 36 : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), दुर्ग (अछोली) जिला स्तरीय मॉडल प्रतियोगिता “टिंकेराथॉन 2026” का आयोजन 30 अक्टूबर को कृष्णा पब्लिक स्कूल, नेहरू नगर, भिलाई में किया जा रहा है। सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन सुबह 11:30 बजे छत्तीसगढ़ शासन के राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में करेंगी। “नवाचार- सृजन-प्रेरणा” की थीम पर आधारित यह प्रतियोगिता दुर्ग जिले के चौदह अटल टिंकरिंग लैब स्वीकृत विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है, जो स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और व्यावहारिक शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। यह आयोजन अटल इनोवेशन मिशन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप युवा मस्तिष्कों को पोषित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे और विभिन्न सतत विकास लक्ष्यों पर आधारित अपने नवीन मॉडलों व तकनीकी नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
