Thursday, October 29, 2026

अंतिम संस्कार में आई रिश्तेदार महिला ने की चोरी: घर से कैश-सोने के झुमके किए पार

सीसीटीवी फुटेज से पकड़ाई, 45 हजार कैश बरामद

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई में बेटी की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार अंतिम संस्कार में व्यस्त
था। घर में शोक जताने रिश्तेदार भी पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला ने घर से कैश और सोने के पुराने झुमके चोरी कर लिए। परिवार को अगले दिन चोरी का पता चला। शिकायत के बाद भिलाई नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 45 हजार रुपए कैश बरामद किए हैं।

दरअसल, मामला तालपुरी के बी-ब्लॉक स्थित आर्किड क्षेत्र की बिल्डिंग नंबर 11 के फ्लैट नंबर 441 का है। यहां रहने वाले गजानन अवचट दुर्ग में रेलवे में लोको पायलट हैं। उनकी बेटी अक्षिता अवचट की 20 अक्टूबर 2026 को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।

बेटी के अंतिम संस्कार में शामिल होने
के लिए सुबह से ही रिश्तेदार, परिवार के सदस्य और आसपास के लोग घर पर जुटे थे। दोपहर करीब 2 बजे परिवार अंतिम संस्कार के लिए शव को रिसाली मुक्तिधाम लेकर गया। इस दौरान घर सूना था। शाम करीब 6 बजे अंतिम संस्कार के बाद परिवार वापस लौटा।

अगले दिन पता चली चोरी

21 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे गजानन अवचट ने जेब से पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन रकम नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने घर में सामान की जांच की। बेटी के बेडरूम में रखी कैश, पत्नी सुनीता अवचट की नकदी और सोने के पुराने झुमने गायब मिले।

परिवार ने घर में सामान तलाशा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। गजानन ने पुलिस को बताया कि बेटी की मौत और अंतिम संस्कार से जुड़े कामों में व्यस्त होने के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सके। उन्होंने 26 अक्टूबर को भिलाई नगर थाने में लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान

पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, महिला शोक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। उसके पास से 45 हजार रुपए कैश बरामद किए गए हैं। महिला के रेलवे कर्मचारी की पत्नी होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news