भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद (MIC) की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरुचि सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुई। शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर केंद्रित इस बैठक में सफाई, स्ट्रीट लाइट, भूखंड अंतरण, जल संरक्षण और सड़क-नाली निर्माण के अहम प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय :
मांगलिक भवन का संचालन: जोन-03 संतोषी पारा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन के संचालन, प्रबंधन एवं संधारण को 10 माह की अवधि के लिए दिए जाने पर सहमति बनी। इससे नागरिकों को सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
स्वच्छता पर जोर: एसएलआरएम सेंटरों में कचरे के पृथक्करण तथा गीले कचरे से खाद तैयार करने के कार्य को स्वीकृति मिली। साथ ही 52 वार्डों में प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से सफाई कामगार उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
स्ट्रीट लाइट संधारण: पूरे निगम क्षेत्र में मार्ग प्रकाश व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्ट्रीट लाइटों के वार्षिक संचालन, संधारण एवं रखरखाव के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
111 भूखंडों का अंतरण: सातवें चरण के अंतर्गत रिक्त 111 आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों के अंतरण के लिए निविदा आमंत्रित करने पर सहमति बनी।
जलभराव का स्थायी समाधान: शहर में जलभराव और प्रदूषित जल की समस्या के समाधान के लिए बड़ी पहल। आईआईटी भिलाई के साथ अनुबंध कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।
संपत्ति कर में कोई बढ़ोतरी नहीं: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कर योग्य संपत्ति मूल्य निर्धारण पर चर्चा हुई, प्रचलित दर में कोई परिवर्तन नहीं किया गया।
नामकरण और विकास कार्य:
वार्ड 28 प्रेम नगर के चैता मैदान का नाम स्व. श्री भगवान राय स्मृति चैता मैदान किया गया।
18 नंबर रोड से मुक्तिधाम तालाब तक के मार्ग का नाम स्व. विजय प्रकाश यादव छठ घाट मार्ग रखा गया। वार्ड 38 सोनिया गांधी नगर का प्रस्तावित डोमशेड अब वार्ड 25 लाल पानी टंकी परिसर में बनेगा।
वार्ड 44 के अधोसंरचना मद के 6 कार्यों का स्थल परिवर्तन।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत वार्ड 21 कैलाश नगर और वार्ड 23 घासीदास नगर अटल आवास मार्ग पर डामरीकरण एवं नाली निर्माण को मंजूरी।
बैठक में MIC सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, केशव चौबे, चंद्रशेखर गंवई, नेहा साहू, मालती ठाकुर सहित अपर आयुक्त राजेन्द्र दोहरे, उपायुक्त दिनेश कोसरिया व सभी जोन आयुक्त और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
आप की राय
[yop_poll id="1"]
