पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला किया दर्ज
दुर्ग : न्यूज़ 36 : उत्कल नगर में विवाद शांत कराने पहुंचे एक व्यक्ति पर चाकूनुमा वस्तु से जानलेवा हम करने का मामला सामने आया है। घटना 8 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे उत्कल नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास की है। हमले में पवन सिन्हा (38) के बाएं पेट में चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए जिला शासकीय अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी नरेश ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पवन सिन्हा निवासी उत्कल नगर, न्यू पुलिस लाइन के पीछे, ड्राइवरी का काम करते हैं। 8 अक्टूबर की रात वह अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गणेश मलिक और नरेश ठाकुर के बीच विवाद होते देखा। पवन ने बीच-बचाव करते हुए दोनों को विवाद करने से मना किया और गणेश मलिक के साथ वापस जाने लगे।
बताया गया कि जब वे राधा-कृष्ण मंदिर के पास पहुंचे, तभी नरेश ठाकुर ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखी चाकूनुमा वस्तु से पवन के बाएं पेट पर हमला कर दिया। चोट लगने से खून निकलने लगा और दर्द के कारण पवन जमीन पर गिर पड़े।
इसके बाद गणेश मलिक और पवन की पत्नी उन्हें लेकर पद्मनाभपुर थाना पहुंचे। वहां से पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला शासकीय अस्पताल दुर्ग ले गए। अस्पताल में पवन की रिपोर्ट पर देहाती नालसी दर्ज की गई।
पद्मनाभपुर पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी नरेश ठाकुर, निवासी अटल आवास, गैलेक्सी हाइट्स, बोरसी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0644/2026, धारा 109 (1) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस घटना के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
