भिलाई : न्यूज़ 36 : नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ सांसदों के साथ दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने गुरुवार को “काला दिवस” मनाया।
जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने छावनी थाना से पैदल मार्च निकाला। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए कार्यकर्ता ओवरब्रिज होते हुए अंबेडकर चौक पावर हाउस पहुंचे, जहां भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सैकड़ों जवान तैनात किए थे।

प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर हुए इस प्रदर्शन में अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि “वरिष्ठ नेताओं के साथ हुआ व्यवहार संविधान पर हमला है। यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते।” वक्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की वोट चोरी से ही भाजपा सरकारें बन रही हैं।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष नरसिंह नाथ, जी राजू, बृजमोहन सिंह, मोहम्मद इरफान, नंद कुमार कश्यप, गिरवर बंटी साहू, रमा विश्वकर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
