Thursday, October 1, 2026

नवा रायपुर में 250 करोड़ से बनेगा NSTI, हर साल 4 हजार को मिलेगा प्रशिक्षण

युवाओं को रोजगार, नागरिकों को सुगम सेवाएं और आधुनिक कौशल से जोड़ना हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

नवनियुक्त उप अभियंताओं को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

रायपुर : न्यूज़ 36 : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में रोजगार, डिजिटल गवर्नेस और कौशल विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण पहलों को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में चयनित उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। वहीं नागरिकों को डिजिटल सेवाओं की आसान पहुंच उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच एमओयू हुआ।

कार्यक्रम में नवा रायपुर में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित करने के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र भी सौंपा गया। प्रस्तावित संस्थान में करीब 20 ट्रेडों में प्रतिवर्ष लगभग 4 हजार युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देने की व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर, नागरिकों को सरल एवं पारदर्शी शासकीय सेवाएं तथा नई पीढ़ी को भविष्य की जरूरतों के अनुरुप आधुनिक कौशल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। उद्योग, निजी क्षेत्र, स्टार्टअप, उद्यमिता और कौशल आधारित रोजगार के अवसरों को भी बढ़ाया जा रहा है।

सीएससी और सेवा सेतु के बीच होगा सेवाओं का एकीकरण

चिप्स और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच हुए एमओयू के बाद सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध नागरिक-केंद्रित सेवाओं को कॉमन सर्विस सेंटर के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में काम होगा। इससे नागरिकों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जाने की आवश्यकता कम होगी और उनके नजदीकी केंद्रों पर अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

वर्तमान में सेवा सेतु के माध्यम से 38 विभागों की 907 सेवाएं 16,619 केंद्रों से ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। 1 अप्रैल 2025 से अब तक सेवा सेतु पोर्टल पर 54 लाख 23 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक का निराकरण किया गया है।

वहीं प्रदेश में 28,450 सक्रिय कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से 600 से अधिक शासकीय एवं व्यावसायिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एमओयू के बाद सेवा सेतु की 907 शासकीय सेवाओं की पहुंच इन केंद्रों तक भी विस्तारित होगी।

एक हजार से अधिक सेवाएं एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की तैयारी

सरकार के अनुसार सेवा सेतु को नागरिक सेवाओं के व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य की सेवाओं के साथ केंद्र सरकार की 166 सेवाओं को भी इससे जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद एक हजार से अधिक सेवाओं को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिकों तक पहुंचाने का मार्ग तैयार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से बचाना और सेवाओं की डिलीवरी को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाना है। नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है।

नवा रायपुर के विकास में युवा अभियंताओं की भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में उप अभियंता पद पर चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर भविष्य के छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं का शहर है और इसके आधुनिक विकास में युवा अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर तेजी से विकसित हो रहे आधुनिक शहर के साथ राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा और कौशल संस्थानों के केंद्र के रूप में भी विकसित हो रहा है। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनहित की भावना के साथ कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त अभियंता उपस्थित रहे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news