धारदार हथियार बरामद, एक फरार पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
भिलाई : न्यूज़ 36 : जामुल थाना क्षेत्र के राहुल पेट्रोल पंप पर ट्रक साइड लगाने की बात लेकर हुए विवाद के बाद ट्रक चालक पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक घटना 21 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी धनंजय शर्मा ट्रक में डीजल डलवाने के लिए राहुल पेट्रोल पंप पहुंचा था। इस दौरान पेट्रोल पंप पर पहले से खड़े ट्रक क्रमांक CG-04-QB-1851 को साइड लगाने की बात को लेकर प्रार्थी पक्ष के चालक नितीश कुमार और ट्रक चालक-हेल्पर के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान गाली-गलौज के बाद हेल्पर ने नितीश कुमार के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद ट्रक चालक ने जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से नितीश कुमार के सिर पर
हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद जामुल पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी लखविंदर सिंग उर्फ पिन्टु (48 वर्ष), निवासी EWS-410 हाउसिंग बोर्ड भिलाई को 22 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य आरोपी जसनदीप सिंग फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और मारपीट या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
