Tuesday, September 22, 2026

खम्हरिया PM आवास में तड़के दुर्ग पुलिस का सरप्राइज चेकिंग अभियान

भिलाई : न्यूज़ 36 : अवैध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने दुर्ग पुलिस ने मंगलवार तड़के भिलाई के खम्हरिया स्थित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में बड़ा सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। सुबह करीब 5 बजे अचानक पहुंची पुलि टीमों ने कॉलोनी के अलग-अलग हिस्सों में सघन जांच की। कार्रवाई से पीएम आवास परिसर में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमें बनाई थीं। इनमें तीन थाना प्रभारियों के साथ निरीक्षक स्तर के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहे। जांच को व्यापक बनाने के लिए महिला पुलिस बल, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा ट्रैफिक पुलिस की टीमों को भी अभियान में शामिल किया गया।

संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच

पुलिस टीमों ने कॉलोनी के भीतर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही वहां रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई। ट्रैफिक पुलिस ने परिसर में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भी जांच की। वाहनों के नंबर और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कोई सूचीबद्ध वारंटी हाथ नहीं लगा, हालांकि कुछ संदिग्ध व्यक्ति जरूर मिले हैं। इन लोगों के संबंध में पुलिस द्वारा चरित्र और पृष्ठभूमि का सत्यापन कराया जा रहा है।

पीएम आवास में मूल हितग्राहियों की जगह मिले किराएदार

चेकिंग के दौरान पुलिस को एक अहम जानकारी भी मिली। जांच में सामने आया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित कुछ मकानों में मूल हितग्राहियों की जगह दूसरे लोग किराए पर रह रहे हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकानों को नियमों के विपरीत किसी अन्य व्यक्ति को किराए पर देना या बेचना प्रतिबंधित है। ऐसे में पुलिस ने किराए पर दिए गए मकानों की जानकारी जुटाना शुरु कर दिया है।

सीएसपी निशांत पाठक के मुताबिक, खम्हरिया पीएम आवास कॉलोनी में असामाजिक तत्वों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने तड़के अचानक जांच अभियान चलाया। नियम विरुद्ध तरीके से मकान किराए पर दिए जाने वाले मामलों की सूची और विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर भिलाई नगर निगम को भेजी जाएगी, ताकि संबंधित स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा सके।

अलग-अलग कॉलोनियों में जारी रहेगा अभियान

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की औचक जांच आगे भी जारी रहेगी। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित कॉलोनियों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा अचानक चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य आपराधिक तत्वों की पहचान के साथ-साथ आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का माहौल मजबूत करना है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news