भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोन-3 के जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में दबिश दी। पुलिस ने मौके से 70.460 ग्राम हेरोइन, 2.35 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, आठ मोबाइल फोन और इलेक्ट्रानिक तराजू समेत करीब 29.22 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। पुलिस ने दो नाबालिग, एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि जीरो स्ट्रीट स्थित मकान में हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक महिला ने भागने का प्रयास किया, जिसे टीम ने पकड़ लिया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी में हेरोइन के अलावा बिक्री से प्राप्त नकदी और अन्य सामग्री बरामद हुई। जब्त हेरोइन की अनुमानित कीमत 14 लाख नौ हजार 200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो लाख 35 हजार 100 रुपये नकद, करीब 71.35 ग्राम वजन के 19 सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण व बर्तन, आठ मोबाइल फोन और इलेक्ट्रानिक तराजू जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार कुल जब्त सामग्री की कीमत 29 लाख 22 हजार 300 रुपये है। पुलिस ने मामले में आरोपी जसबीर कौर उर्फ सोनू (25), नितेश सोनी (32) और तिरकेश निषाद (21) को गिरफ्तार किया है। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
