भिलाई : न्यूज़ 36 : रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम ओदरागहन में खारुन नदी पर बने एनीकट को पार करते समय बाइक फिसलने से इसमें सवार दो युवक नदी में गिर गए। इनमें से एक युवक ने बाइक पकड़कर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा तेज बहाव में बह गया। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने तेज बहाव में बहे युवक के शव को बरामद कर लिया। पानी में डूबे मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव पिता फिरंका (38) निवासी ग्राम तर्रा गोंदी थाना भखारा जिला धमतरी के रूप में हुई है। घटना 17 सितंबर को शाम को हुई। धमतरी जिले के तर्रा गोंदी गांव के रहने वाले दोनों युवक गुरुवार शाम करीब छह बजे खारुन नदी पर बने ओदरागहन एनीकट को पार कर रहे थे।
इस दौरान बाइक फिसलने से दोनों नदी में गिर गिए। एनीकट के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था लेकिन सतह पर काई जमा होने के कारण बाइक फिसल गई। हादसे की सूचना गुरुवार रात करीब आठ बजे कंट्रोल रूम को दी गई।
एसडीआरएफ की टीम शुक्रवार मौके पर पहुंची और नदी में सर्च आपरेशन शुरू किया। नदी का बहाव तेज होने के साथ ही पानी की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी चुनौती का सामना करना पड़ा।
काफी देर तक चले अभियान के बाद गोताखारों ने शव को तलाश कर बाहर निकाल लिया। शव को सुपुर्दनामा में लेने के साथ ही पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
