दुर्ग : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 18 जवाहर नगर में सड़क एवं गार्डन के समीप किए गए पेवर कार्य की गुणवत्ता का जायजा लेने महापौर अलका बाघमार ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया।
मौके पर पेवर ब्लॉक निकलवाकर उसके नीचे की सतह एवं निर्माण की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की।इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित क्षेत्र के सहायक अभियंता सुरेश केवलानी एवं उप अभियंता पंकज साहू के साथ कार्य की गुणवत्ता एवं निर्माण संबंधी मानकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने मौके पर किए गए पेवर कार्य की गुणवत्ता की जांच की। जांच में कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पाया गया। उक्त कार्य 15वें वित्त आयोग के मिलेनियम प्लस सिटी मद से स्वीकृत किया गया है।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में कराए जा रहे प्रत्येक विकास कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जनता के लिए स्वीकृत विकास कार्य निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा कार्यों की नियमित रूप से स्थल पर जाकर जांच की जाए, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
महापौर ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिकों से प्राप्त सुझाव एवं समस्याओं के आधार पर भी आवश्यक कार्यों को चिन्हित कर निराकरण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
महापौर के निरीक्षण के दौरान मनमोहन शर्मा सहित वार्ड के रहवासी एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
