शहर की सफाई व विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण
दुर्ग : न्यूज़ 36 :नगर पालिक निगम दुर्ग की नवनियुक्त आयुक्त लीना कोसम ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता दिखाई। उन्होंने आज शनिवार सुबह करीब चार घंटे तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों का मॉर्निंग विजिट कर सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा वार्डों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 25,अग्रसेन चौक की सड़क पर पड़े बिल्डिंग मटेरियल एवं C&D वेस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर पड़े निर्माण अपशिष्ट को तीन दिवस के भीतर पूर्ण रूप से हटाना सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो निर्माण कार्य किसी कारण से रुके हुए हैं अथवा जिनके कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों को केवल कागजों में प्रगति के रूप में न रखा जाए, बल्कि मैदानी स्तर पर वास्तविक रूप से पूर्ण कराकर उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
मॉर्निंग विजिट के दौरान आयुक्त लीना कोसम ने पुलगांव स्थित गोठान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गोठान में वर्तमान में कितनी गायें हैं तथा समूह में कितने सदस्य कार्यरत हैं, इसकी जानकारी समूह के संचालक से ली और गोठान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता मोहित मरकाम, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, शोएब अहमद सहित संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।
