दुर्ग : न्यूज़ 36 : ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने के मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस एवं एसीसीयू की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है। इस प्रकरण में पुलिस अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग स्थित सोहेल अहमद खान के मकान में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन रुपये-पैसे का दांव लगाकर सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सोहेल अहमद खान और संतोष कुमार गोंड़ को हिरासत में लिया था।
पूछताछ और कार्रवाई के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन में इस्तेमाल एक लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, डीवीआर, चार मोबाइल चार्जर, जियो सेटअप बॉक्स, वाई-फाई उपकरण, कॉपी, डाटपेन तथा 5 हजार रुपये नगद समेत कुल 2 लाख 70 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की गई थी।
मामले में अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सोहेब अख्तर, साहिल उर्फ सोनू, विजेन्द्र कुमार, मनय बोथरा, राहुल रंगवानी, संदीप कापसे, अमान अली, हुसैन अली, सोविंद यादव और जुनैद रज्जा सहित अन्य आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसी प्रकरण में फरार चल रहे उमेश भगत उर्फ अंकल निवासी प्रगति नगर, रिसाली की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। आरोपी के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अपराध में संलिप्तता स्वीकार करने पर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। आरोपी को 27 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से चलाते थे सट्टा
पुलिस के मुताबिक आरोपी क्रिकेट मैच के दौरान हार-जीत पर रुपये-पैसे का दांव लगवाकर मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। सट्टे से संबंधित दांव और लेनदेन की जानकारी भी दर्ज की जाती थी।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से ऑनलाइन सट्टा, जुआ अथवा अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन सट्टा संचालित करने या लोगों को इससे जोड़ने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
