भिलाई :न्यूज़ 36 : पुलिस विभाग में शासकीय नौकरी लगाने का झांसा देकर एक परिवार से 14 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को स्मृतिनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थीया के पति को चालक और उसके भाई को आरक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग समय में कुल 14,00,001 रुपये हासिल किए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को आर्यनगर, कोहका निवासी 36 वर्षीय श्रीमती खोमिन ध्रुवे ने चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2024 में आरोपी तोपचंद धनकर (32) ने उनके पति अश्वनी कुमार ध्रुवे को चालक तथा भाई रितेश ठाकुर को पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर शासकीय नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था।
आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर प्रार्थीया से कुल 14,00,001 रुपये ले लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई। शिकायत के आधार पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1255/2026, धारा 318 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की गई।
पहले से दर्ज था धोखाधड़ी का मामला
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी तोपचंद धनकर के खिलाफ थाना नेवई में भी धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज है। उसके विरुद्ध दो स्थाई वारंट जारी होने के कारण वह लगातार फरार चल रहा था। स्मृतिनगर पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी करते हुए उसके संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई और रायपुर में दबिश दी।
पुलिस टीम ने उरला स्थित साहिल किराना स्टोर्स, शिव मंदिर के पास से आरोपी को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध जारी स्थाई वारंटों की तामीली की गई। इसके बाद वर्तमान मामले में उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
नौकरी का झांसा देकर बनाया था विश्वास
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शासकीय पुलिस विभाग में चालक और आरक्षक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर पीड़ित परिवार का विश्वास हासिल किया। इसके बाद अलग-अलग समय में नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 14,00,001 रुपये लेकर धोखाधड़ी की।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की लगातार पतासाजी, उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने और रायपुर में दबिश देकर गिरफ्तारी करने में स्मृतिनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय नौकरी अथवा किसी अन्य नियुक्ति का झांसा देकर यदि कोई व्यक्ति राशि की मांग करता है तो बिना सत्यापन के उसे पैसे न दें। नौकरी लगाने के नाम पर धनराशि मांगने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।
