भिलाई : न्यूज़ 36 : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रिसाली स्थित सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया), बीएसएफ छत्तीसगढ़ में स्नेह, सम्मान, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं महिला संगठनों से जुड़ी बहनों ने बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधकर उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद की धर्मपत्नी श्रीमती रजनी बघेल मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, प्रदेश संयोजक एनजीओ प्रकोष्ठ दिनेश सिंह, दुर्ग जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती तृप्ति चंद्राकर, भिलाई जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती स्वीटी कौशिक, समाजसेवी श्रीमती विनिता मनीष पांडे, आरोग्य भारती की छत्तीसगढ़ प्रांत अध्यक्ष डॉ. मानसी गुलाटी तथा ब्रह्माकुमारीज भिलाई केंद्र की आशाबहन शामिल रहीं।
इस अवसर पर बहनों ने जवानों को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा सुरक्षित एवं सफल जीवन की मंगलकामना की। जवानों ने भी बहनों के इस आत्मीय स्नेह और सम्मान को श्रद्धा एवं भावनात्मक आत्मीयता के साथ स्वीकार किया।
बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों ने बहनों के स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान सामरिक मुख्यालय परिसर में देशभक्ति, पारिवारिक आत्मीयता और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। जवानों की कलाई पर बंधा रक्षा-सूत्र केवल रक्षाबंधन की परंपरा का प्रतीक नहीं रहा, बल्कि देश के रक्षकों और समाज के बीच अटूट विश्वास, सम्मान और आत्मीय संबंध का संदेश भी देता नजर आया।
