Sunday, August 16, 2026

स्टंटबाजी व रश ड्राइविंग पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कारवाई, 389 चालान, 09 वाहन जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की जान की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस ने रश ड्राइविंग, स्टंटबाजी और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया। भिलाई भट्ठी, भिलाई नगर, सुपेला समेत विभिन्न क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 389 चालान किए, 09 एफआईआर दर्ज कीं और 09 वाहन जब्त किए।

यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई। ऐसे 225 मामलों में चालानी कार्रवाई हुई। इसके अलावा बिना हेलमेट के 74, नो-पार्किंग के 18 और ब्लैक फिल्म के 05 मामलों में भी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की। गंभीर यातायात उल्लंघन के मामलों में 09 एफआईआर दर्ज कर 09 वाहन जब्त किए गए।
दुर्ग पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के साथ सड़क पर स्टंटबाजी, मोबाइल फोन का इस्तेमाल तथा हेलमेट और सीट बेल्ट की अनदेखी सड़क हादसों का बड़ा कारण बन सकती है। ऐसे वाहन चालकों की पहचान कर मौके पर जांच और कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि रश ड्राइविंग और खतरनाक यातायात व्यवहार से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की जान बचाना है। जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी एवं वाहन जांच लगातार जारी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news