Saturday, August 15, 2026

सेंट्रल एवेन्यू में स्टंटबाजी पड़ी भारी, दो बाइक जब्त, युवकों पर 12 हजार का चालान

बिना लाइसेंस तेज रफ्तार में बाइक दौड़ा रहे युवकों पर ₹12 हजार का चालान, पालकों को दी सख्त हिदायत

भिलाई : न्यूज़ 36 : सेंट्रल एवेन्यु मार्ग पर तेज रफ्तार में बाइक चलाने और स्टंटबाजी करने वाले दो युवकों पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। आम नागरिक की शिकायत पर CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल ₹12 हजार का चालान किया। दोनों युवक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए।

पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा लापरवाही, तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में यातायात पुलिस को एक नागरिक ने शिकायत दी कि सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर दो युवक मोटरसाइकिल से स्टंट करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं। इससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिविक सेंटर यातायात जोन प्रभारी ने CCTV से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों मोटरसाइकिलों की पहचान कर उन्हें जब्त किया। जांच में दोनों चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले। यातायात पुलिस ने दोनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ₹12,000 का चालान किया।

पालकों को बुलाकर दी समझाइश

कार्रवाई के बाद दोनों युवकों के पालकों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट हिदायत दी कि बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन न दें और उन्हें सड़क पर तेज रफ्तार या स्टंट जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रखें। बिना लाइसेंस वाहन चलाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पत्र भी भेजा गया है।

पुलिस ने कहा- सड़क स्टंट का मैदान नहीं

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क को स्टंट का मैदान न बनाएं। तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से खुद के साथ-साथ दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पालक अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और बिना लाइसेंस किसी भी स्थिति में वाहन न दें।

पुलिस ने अपील की है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी या खतरनाक बाइकिंग दिखाई देने पर इसकी सूचना यातायात हेल्पलाइन नंबर 9479192029 पर दें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news