भिलाई : न्यूज़ 36 : मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के समीप एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। स्मृतिनगर चौकी प्रभारी अमित अदानी ने बताया कि पीड़िता ने 1 अगस्त को पुलिस चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 31 जुलाई की रात करीब 10.30 बजे वह अपनी सहेलियों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की दुकान पर थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और बुरी नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ कर मौके से फरार हो गया। शिकायत मिलते ही सुपेला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद इंदिरा नगर निवासी हेमंत क्षत्रिय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना स्वीकार की। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
