आरोपी को कारवाई कर भेजा जेल
भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना पुलिस ने घरों के बाहर खड़े ऑटो और मालवाहक वाहनों से बैटरी चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 चोरी की वाहन बैटरियां बरामद की हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, फरीद नगर निवासी कलीम खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़े ऑटो से 30 जुलाई की रात बैटरी चोरी हो गई। पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध युवक रात करीब 2:50 बजे बैटरी निकालकर ले जाते हुए दिखाई दिया।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने इमरान कुरैशी (29 वर्ष), निवासी दुर्गापारा, सुपेला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने फरीद नगर और आसपास के इलाकों में खड़े ऑटो एवं टाटा-एस वाहनों से बैटरियां चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न कंपनियों की 15 बड़ी वाहन बैटरियां बरामद कर जब्त कीं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और उसके खिलाफ पहले से भी चोरी के मामले न्यायालय में लंबित हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
