भिलाई : न्यूज़ 36 : ग्रीन सिटी उत्कल सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में सेक्टर-6 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आषाढ़ पूर्णिमा (30 जुलाई) से श्रावण पूर्णिमा (28 अगस्त) तक आयोजित होने वाले श्रावण मास परायण का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। इस दौरान प्रतिदिन मंदिर परिसर में संपूर्ण रामायण का पाठ किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, धार्मिक मान्यता है कि श्रावण मास में भगवान शिव और माता पार्वती ने प्रयाग स्थित कुंभक ऋषि के आश्रम में एक माह तक संपूर्ण रामायण का श्रवण किया था। इसी परंपरा के अनुसार श्रावण मास में रामायण का पाठ और श्रवण करने से भक्तों के पापों का नाश होता है तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
श्रावण मास परायण के मुख्य यजमान श्रीमती एवं श्री विजय नायक तथा श्रीमती एवं श्री आरती चौधरी हैं, जो पूरे एक माह तक इस धार्मिक अनुष्ठान का निर्वहन करेंगे।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक मंदिर परिसर में पहुंचकर संपूर्ण रामायण पाठ का श्रवण करें और आध्यात्मिक पुण्य लाभ प्राप्त करें।
कार्यक्रम में परिषद के महासचिव अरुण पंडा, श्रावण मास परायण प्रभारी शशि भूषण मोहंती, राजेंद्र पंडा, गौरी साहू सहित बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालु उपस्थित रहे।
