भिलाई : न्यूज 36 : सेक्टर-1 में मार्निंग वाक पर निकली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से चेन झपटमारी करने वाले मां-बेटे को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से छीनी गई सोने की चेन एवं घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 31 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6.10 बजे प्रार्थिया उमा देवीं (70 वर्ष) सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 स्थित अपने निवास के पास मार्निंग वाक कर रही थीं। इसी दौरान मोटर साइकिल पर सवार एक महिला और एक युवक उनके पास पहुंचे। महिला ने प्रार्थिया से लकड़ी से फूल तोड़ने की बात कहकर उनका ध्यान भटकाया और अचानक उनके गले से लगभग 20 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है, झपट ली। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना के संबंध में भिलाई भट्ठी पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की । विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल एक महिला एवं एक युवक को हिरासत में लिया।
