Wednesday, July 15, 2026

युवक ने दो लोगों पर किया जानलेवा हमला, दोनों गंभीर, आरोपी गिरफ्तार

साजा(अभिषेक): न्यूज़ 36 : बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक युवक ने अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पहले मुर्गा दुकान संचालक पर चाकू से हमला

जानकारी के अनुसार, शराब भट्टी के सामने स्थित मुर्गा दुकान में पीड़ित युसिफ खान काम कर रहे थे। इसी दौरान सोनू निर्मलकर वहां पहुंचा और कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित युसिफ खान के सिर में गंभीर चोट आई परिजनों के अनुसार उनको गंभीर चोट आई है

कुछ देर बाद चाय दुकान में दूसरी वारदात

पहली घटना के कुछ समय बाद आरोपी अवंती चौक के पास स्थित एक चाय दुकान पहुंचा, जहां शेषनारायण निषाद बैठे थे। आरोप है कि आरोपी ने वहां भी रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया उनके सिर पर करीब 8 टांके लगे हैं और चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की सलाह दी है। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया

परिजनों ने दर्ज कराई एफआईआर

घटना के बाद दोनों पीड़ितों के परिजन साजा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे गिरफ्तार कर लिया।

थाने के बाहर हंगामा, न्याय की मांग

घटना से नाराज परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग साजा थाना पहुंच गए। इस दौरान पीड़ित युसिफ खान खान के पिता पुलिस वाहन के सामने बैठकर न्याय की मांग करने लगे। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया।

एसपी पहुंचे, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

स्थिति को देखते हुए बेमेतरा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल स्वयं साजा थाना पहुंचे उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को शांत कराया गया।

आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी सोनू निर्मलकर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news