Wednesday, July 15, 2026

निकुम सेवा सहकारी समिति में 116.11 क्विंटल धान की कमी, ₹3.60 लाख का गबन

समिति के प्रबंधक व प्राधिकृत अधिकारी के खिलाफ FIR

दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले की सेवा सहकारी समिति मर्यादित निकुम में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी में बड़ी अनियमितता सामने आई है। भौतिक सत्यापन के दौरान 116.11 क्विंटल धान की कमी पाए जाने पर अंडा पुलिस ने समिति के प्रबंधक, प्राधिकृत अधिकारी सहित अन्य के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

संयुक्त जांच में सामने आई गड़बड़ी

जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त जांच टीम ने 8 जुलाई 2026 को सेवा सहकारी समिति निकुम और उपार्जन केंद्र का भौतिक सत्यापन किया। जांच में रिकॉर्ड के मुकाबले 116.11 क्विंटल धान कम पाया गया।

₹3.60 लाख से अधिक के गबन का आरोप

जांच रिपोर्ट के आधार पर धान की कमी की कीमत करीब 3 लाख 59 हजार 941 रुपये आंकी गई है। इस मामले में समिति प्रबंधक घनश्याम बेलचंदन, प्राधिकृत अधिकारी भैयालाल साहू एवं अन्य कर्मचारियों पर धान के गबन का आरोप लगाया गया है।

शाखा प्रबंधक की शिकायत पर एफआईआर

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, अंडा शाखा के प्रबंधक रविकांत जगदल्ले ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर अंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में जांच रिपोर्ट और संबंधित विभागों के पत्रों का हवाला देते हुए दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

इन धाराओं के तहत अपराध दर्ज

अंडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 0076/26 दर्ज करते हुए आरोपी घनश्याम बेलचंदन, भैयालाल साहू एवं अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है।

धान खरीदी में अनियमितता की होगी विस्तृत जांच

पुलिस और संबंधित विभाग अब यह पता लगाने में जटे हैं कि धान की कमी कैसे हुई और इसमें किन-किन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news