भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर निगम की नई आयुक्त आइएएस सुरुचि सिंह सोमवार 13 जुलाई को पदभार ग्रहण करेंगी। उनकी ज्वानिंग को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नई आयुक्त के कार्यभार संभालने के अगले दिन 14 जुलाई को महापौर परिषद (एमआइसी) की बैठक आयोजित होगी, जिसमें नई आयुक्त पहली बार परिषद की बैठक में शामिल होंगी।
15 सितंबर 1992 को जन्मीं सुरुचि सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) की 2020 बैच की अधिकारी हैं और छत्तीसगढ़ कैडर से संबद्ध हैं। उन्होंने बीए तथा एलएलबी (आनर्स) की शिक्षा प्राप्त की है। इससे पहले सुरुचि सिंह राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के पद पर कार्यरत थीं।
प्रशासनिक कार्यों में उनकी सक्रिय और प्रभावी कार्यशैली के कारण उन्हें एक दक्ष अधिकारी माना जाता है। अब उन्हें प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण नगर निगमों में शामिल भिलाई नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कई बड़ी चुनौतियां होंगी सामने : नई आयुक्त के रूप में सुरुचि सिंह के सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। इनमें निगम कर्मचारियों के वेतन संबंधी मुद्दों का समाधान, प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य आवास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित विकास कार्यों में तेजी लाना, राजस्व वसूली बढ़ाना, शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रमुख रहेगा। इन सभी विषयों पर नई आयुक्त की कार्यशैली और निर्णयों पर लोगों की नजर रहेगी।
