भिलाई : न्यूज़ 36 :भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) टाउनशिप में रिटेंशनधारियों, लीजधारियों, लाइसेंसधारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को सेक्टर-2 स्थित गणेश पूजा पंडाल, सेंट्रल एवेन्यू में आयोजित सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ की साप्ताहिक बैठक में सदस्यों ने बीएसपी प्रबंधन की नीतियों पर तीखी नाराजगी व्यक्त करते हुए आने वाले समय में व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बीएसपी प्रबंधन द्वारा अपनाई जा रही नीतियों के कारण टाउनशिप के हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं। विशेष रूप से रिटेंशनधारियों, लाइसेंसधारियों और व्यापारियों को जारी किए जा रहे नोटिस तथा बढ़े हुए किराए ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रभावित वर्गों का कहना है कि लंबे समय से वे अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले करीब आठ महीनों से संगठन लगातार विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बीएसपी प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रख रहा है। इस दौरान कई स्तरों पर चर्चा भी हुई, लेकिन समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि हर बार आश्वासन तो मिला, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। बैठक में यह मुद्दा प उठाया गया कि बढ़े हुए किराए और अन्य वित्तीय बोझ ने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।
