Sunday, July 12, 2026

राज्य अतिथि शिक्षकों के आंदोलन का 11वाँ दिन, गुब्बारों पर लिख जनता तक पहुंचाई मांगें

हिन्दुस्तान स्टील एम्प्लॉइज़ यूनियन, भिलाई (सीटू) ने दिया समर्थन

दुर्ग : न्यूज़ 36 : स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन, ग्रीष्मकालीन अवकाश का वेतन, समान कार्य के लिए समान वेतन के आधार पर व्याख्याता पद के बराबर मूल वेतन तथा राज्य सरकारी कर्मचारियों के समान अवकाश की पात्रता सहित विभिन्न मांगों को लेकर राज्य अतिथि शिक्षक (विद्या मितान) का आंदोलन शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा।

आंदोलन के तहत अतिथि शिक्षकों ने इस बार अनोखे तरीके से अपनी मांगों को आमजन तक पहुंचाया। शिक्षकों ने रंग-बिरंगे गुब्बारों पर अपनी प्रमुख मांगें लिखकर लोगों के बीच वितरित किए और सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

सीटू ने दिया समर्थन

धरना स्थल पर हिन्दुस्तान स्टील एम्प्लॉइज़ यूनियन, भिलाई (सीटू) के अध्यक्ष विजय कुमार जांगड़े पहुंचे और अतिथि शिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।

सीपीआई (एम) ने शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र

इससे पहले भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की दुर्ग जिला सांगठनिक समिति के सचिव एस.पी. डे ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को पत्र भेजकर अतिथि शिक्षकों की मांगों पर न्यायोचित ढंग से विचार कर शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया है।

पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के सुदूर और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में अतिथि शिक्षक ही विद्यार्थियों की पढ़ाई का प्रमुख आधार हैं। उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं होने से विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो सकती है, क्योंकि कई स्थानों पर उनके स्थान पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news